हिजबुल मुजाहिदीन का शीर्ष कमांडर रियाज नायकू के मारे जाने के बाद अवंतिपुरा में सुरक्षाबलों पर भीड़ ने पत्थरबाजी की। इतना ही नहीं अराजक तत्वों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी को घेरकर भी पत्थरबाजी की। सूचना मिलने पर सेना के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है। वहीं सुरक्षा करणों को देखते हुए दोपहर से ही इंटरनेट सेवा बंद है।
घंटों चले ऑपरेशन के बाद मारा गया नायकू
पुलवामा जिले के बेगपोरा में आतंकियों के साथ घंटों चले मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू को मार गिराया। बेगपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू के छिपे होने की सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पांच साल में ही बन गया था संगठन का प्रमुख
रियाज अहमद नायकू घाटी का सबसे वांछित आतंकी था। मुठभेड़ में सबजार भट्ट की मौत के बाद से इसने कमान संभाली थी। दिसंबर 2012 में हिज्ब में शामिल हुआ और महज पांच सालों में संगठन के प्रमुख बन गया। वह तकनीक में महारत रखता था। एक आतंकी के जनाजे में शामिल होने के बाद उसने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान को समर्थन देने की बात कही थी।