जम्मू। विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जाए। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। यह बात विकासात्मक पहल में तेजी लाने और जन कल्याण को बढ़ाने के लिए जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य ने समीक्षा बैठक में कही।
डीसी ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने केवल वास्तविक लाभार्थियों को लाभान्वित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस संबंध में प्रत्येक विभाग के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए। बैठक के दौरान हस्तशिल्प और हथकरघा पर भी जानकारी ली गई। इसी तरह उद्योग विभाग से नए स्टार्टअप की रजिस्ट्रेशन और प्रदर्शनियों के बारे में पूछा। पीएम कुसुम के संबंध में जन जागरूकता से संबंधित पहल और युवा सेवा एवं खेल विभाग की गतिविधियों पर मंथन किया गया।
उन्होंने अधिकारियों से पूर्वनिर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया। बैठक में कौशल विकास, बुनियादी ढांचे के विकास, जनजातीय मामलों और फूलों की खेती जैसी विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा हुई। डीसी ने टीबी मुक्त भारत अभियान सहित स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रयास की समीक्षा की।