जम्मू। गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जम्मू में मुख्य कार्यक्रम एमए स्टेडियम में होगा। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एडीजीपी जम्मू जोन आनंद जैन ने सोमवार को जोनल पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने समारोह स्थल और आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ खुफिया एजेंसियों को गणतंत्र दिवस से पहले ही खुफिया जानकारी जुटाकर राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्व के नापाक मंसूबों को नाकाम करने का निर्देश दिया।
बैठक में खुफिया एजेंसियों, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सशस्त्र और जिला पुलिस व नागरिक प्रशासन के अधिकारी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने मजबूत सुरक्षा ढांचा बनाने के लिए सभी एजेंसियों व हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण करने को कहा। गणतंत्र दिवस की ड्यूटी के लिए तैनात किए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को जागरूक करने को कहा। एमए स्टेडियम में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह स्थल और उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए। एसएसपी जम्मू सहित सभी खुफिया एजेंसियों को गणतंत्र दिवस से पहले ही खुफिया जानकारी उत्पन्न करने के लिए अपने सभी संसाधनों को सक्रिय करने का निर्देश दिया ताकि राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्व के नापाक मंसूबों को नाकाम किया जा सके। एसएसपी जम्मू, एसएसपी ट्रैफिक सिटी पर्याप्त पार्किंग स्लॉट की पहचान करने को कहा। बैठक में डीआइजी सशस्त्र जम्मू, डीआइजी आईआरपी, डीआइजी ट्रैफिक, एसएसपी जम्मू, एसएसपी ट्रैफिक, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।