जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अपने कार्यकाल में सरकारी बंगले की साज-सज्जा तथा फर्नीचर व बर्तनों की खरीदारी में करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। यह खुलासा आरटीआई के जवाब में हुआ है।
प्रोटोकॉल एंड हास्पिटलिटी विभाग ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अप्रैल 2016 से जून 2018 के बीच सरकारी आवास पर किए गए खर्च का बिंदुवार ब्योरा दिया है। श्रीनगर के इनाम उन नबी सौदागर ने यह जानकारी मांगी थी।
विभाग की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार चार महीने में दो बार बेडशीट की खरीदारी पर करीब 18 लाख रुपये खर्च किए गए। 24 अक्तूबर 2017 को 618056 व 22 फरवरी 2018 को 1162080 रुपये खर्च किए गए। 13 व 22 मार्च 2018 को दो बार 1268141-1268141 रुपये के फर्नीचर खरीदे गए।
28 मार्च 2018 को 283200 रुपये के चेयर, 2771194 रुपये के कालीन, 21 जून 2018 को 2198340 रुपये के एलईडी, 23 जून 2018 को 1.15 लाख का वैक्यूम क्लीनर खरीदा गया।