दो दिवसीय मेले में लोगों ने किया पवित्र स्नान, आज होगा दंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। चैत्र मास की कृष्ण पक्ष चतुर्थी पर अखनूर के गांव सुमाह स्थित प्राचीन सुमाह देवस्थान में दो दिवसीय मेला करवाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सुमाह देव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्राचीन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस स्थान पर गुप्त गंगा का वास माना जाता है। इन दो दिनों में यहां स्नान करने से गंगा स्नान के समान पुण्य फल प्राप्त होता है। मेले में झूलों, खान-पान और विभिन्न प्रकार की दुकानों की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारा भी लगाया। दिनभर रुक-रुककर बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। वीरवार को दोपहर बाद धार्मिक स्थल पर वार्षिक दंगल होगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान दमखम दिखाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सिविल व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी राजेश जसरोटिया के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है। विधायक मोहन लाल ने भी देवस्थान पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूर्व सरपंच अंजू शर्मा, रामपाल शर्मा, गणेश शर्मा, संजय शर्मा, बाबूराम, मदनलाल, विनय स्पोलिया, अनिल शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।