संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। पूर्व सैनिक कल्याण संघ ने बुधवार को 4जैक लाइट इन्फैंट्री के पूर्व सैनिक मिलन समारोह करवाया। संघ के उपजिला अध्यक्ष सरदार लखबीर सिंह सोहल ने पूर्व सैनिकों से राष्ट्रीय हित व अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य स्तर पर बनाए जा रहे नए मंच से जुड़ने और अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को संगठन का सदस्य बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में दवाइयों की कमी, बच्चों के भविष्य से संबंधित मुद्दे, पेंशन व स्वास्थ्य सेवाओं की दिक्कतें हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में पूर्व कैप्टन देसराज, रत्तन लाल, सूबेदार (रि.) बचन लाल, शाम लाल और गणेश दत्त सहित अन्य वक्ताओं ने विचार साझा किए। सूबेदार (रि.) जगदेव सिंह ने सभी पूर्व सैनिकों और दूर-दराज से पहुंचे प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम में श्रीनगर, पुंछ, राजोरी, डोडा, किश्तवाड़, कठुआ, सांबा, आरएस पुरा और अखनूर से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने शिरकत की।