स्वामी अवधेशानंदगिरि। स्रोत- सोशल मीडिया
- फोटो : udhampur news
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सदस्य स्वामी अवधेशानंद गिरि ने देश के लोगों का आह्वान किया है कि बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रा में शामिल हों। एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा कि हमारे सामने एक नया कश्मीर है और अमरनाथ यात्रा कश्मीर में आए बदलावों की जीवंत मिसाल है। उन्होंने श्राइन बोर्ड की बैठक का जिक्र करते हुए लिखा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अपार सफलता ने पहलगाम, बालटाल और अन्य यात्रा मार्गों को शांति और समृद्धि के नए युग में प्रवेश कराया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सुदृढ़ और अभेद्य तैनाती के साथ, यह यात्रा हर श्रद्धालु के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित होगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाए सुनिश्चित की हैं, जिनमें आरामदायक आवास, उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध और स्वादिष्ट भोजन, सुगम ट्रांसपोर्ट और त्वरित आपातकालीन सहायता सम्मिलित हैं। भारत की सैन्य शक्ति, कूटनीतिक कुशलता और सामूहिक संकल्पशक्ति आज विश्व मंच पर गौरव का प्रतीक बन चुकी है, जो इस पवित्र यात्रा को और अधिक सम्मानजनक बनाती है। वे लिखते हैं कि आइए, इस पवित्र यात्रा में सम्मिलित होकर बाबा अमरनाथ के दर्शन करें और भारत की सनातन संस्कृति की कल्याणकारी यात्रा में भाग लें।