- चार लाख परिवार मनाएंगे लोक आस्था का छठ पर्व
- नहाय-खाय से चार दिवसीय अनुष्ठान का आज से आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। लोक आस्था का प्रतीक छठ महापर्व शुक्रवार से नहाय-खाय संग शुरू होगा। जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में उल्लास है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आकर जम्मू-कश्मीर में बसे करीब चार लाख परिवार इस महापर्व में शामिल होंगे। जम्मू शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर पूजा होगी। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए घाट तैयार किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर बिहार सेवा समिति के अध्यक्ष संजय कुमार पोद्दार ने बताया कि बिक्रम चौक, तवी घाट, हरकी पौड़ी, बाड़ी ब्राह्मणा और भगवती नगर सहित अन्य जगहों पर धार्मिक आयोजन होंगे। अलग-अलग समितियां व्यवस्थाएं संभालेंगी। बिहार सेवा समिति समन्वय करेगी। बिक्रम चौक स्थित महाकाल शक्तिपीठ के महंत भरत दास ने बताया कि पहले दिन नहाय-खाय, शनिवार को खरना और इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाएगा। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा। छठ में सूर्य और छठी मैया की आराधना के साथ स्वच्छता, संयम व पवित्रता का विशेष महत्व है।
-
115 फुट लंबी कृत्रिम झील में देंगे अर्घ्य
बाड़ी ब्राह्मणा के सिडको ग्राउंड में 115 फुट लंबी और 15 फुट चौड़ी कृत्रिम झील तैयार की गई है। छठ पूजा समिति के आयोजक संतोष कुमार ने बताया कि यहां सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ पूजा कर सकेंगे। तवी घाट पर भी कृत्रिम झील बनाई गई है। हरकी पौड़ी, पीरखो और डिग्याना में भी तैयारियां पूरी हैं।
बिहार से मंगाई पूजन सामग्री
नई बस्ती और त्रिकुटा नगर के बाजारों में छठ पूजा के लिए खरीदारी बढ़ गई है। दुकानदार दीपक कुमार पिछले 25 वर्षों से जम्मू में पूजा सामग्री उपलब्ध करवा रहे हैं। उनके अनुसार, बिहार से टोकरी, सुपली और अन्य पारंपरिक सामान मंगवाया जाता है। पर्व से पहले बाजारों में खरीदारी तेज हो जाती है।
-
पूजा सामग्री के दाम में भी बढ़ोतरी
दुकानदार मंदारखन के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार पूजा सामग्री और फलों के दाम बढ़े हैं। बाजार में टोकरी 600 से 1000 रुपये, सुपली 150 से 250 रुपये, नारियल 150 से 200 रुपये, सिंघाड़ा 70 से 100 रुपये और चकोतरा 100 रुपये प्रति पीस मिल रहा है।
-
छठ पूजा का कार्यक्रम
- 13 नवंबर, शुक्रवार नहाय-खाय
- 14 नवंबर, शनिवार खरना
- 15 नवंबर, रविवार संध्या अर्घ्य
- 16 नवंबर, सोमवार ऊषा अर्घ्य