संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। अष्टमी-नवमी पर सोमवार को कंजक पूजन होगा। सुबह 10:50 बजे तक अष्टमी तिथि रहेगी। इसके बाद नवमी शुरू होगी जो 20 अक्तूबर दोपहर 12:50 बजे तक रहेगी। तवी नदी और नहर के किनारे बड़ी संख्या में लोग साख विसर्जन के लिए पहुंचेंगे।
कंजक पूजन और रामनवमी को लेकर शहर के बाजार गुलजार हैं। रविवार को शहर के मोती बाजार, रघुनाथ बाजार, गांधी नगर, गोल मार्केट और पक्का डंगा सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में रौनक दिखी। लोगों ने फल, मिठाई, चुनरी और पूजा-पाठ की सामग्री खरीदी। दुकानदार संजीव गुप्ता ने बताया कि इस बार भी नवरात्र के दौरान बाजारों में अच्छी रौनक है। अष्टमी और नवमी पर कंजक पूजन के चलते पिछले दो-तीन दिनों से खरीदारी में तेजी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि त्योहारी मौसम में खरीदारी का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और दिवाली तक बाजारों में अच्छी चहल-पहल बनी रहेगी।
-
साख विसर्जन स्थलों पर छह
सदस्यीय टीम संभालेगी मोर्चा
तवी नदी में साख विसर्जन को लेकर नगर निगम ने विशेष तैयारी की है। विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं को जागरूक करने के साथ नदी में प्लास्टिक और अन्य कचरा फेंकने से रोकने के लिए टीम तैनात की जाएगी। हरकी पौड़ी और बिक्रम चौक सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। छह सदस्यीय टीम श्रद्धालुओं को तवी की स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी। विसर्जन के दौरान नदी में केवल पूजन की खेत्री विसर्जित करने की अनुमति होगी। फूलों और अन्य पूजन सामग्री को नदी में बहाने के बजाय एकत्रित किया जाएगा और ट्रांसपोर्ट नगर भेजा जाएगा।