एक माह पहले गिर गया था भवन का एक हिस्सा, निर्माण कार्य जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मंदिरों के शहर में प्राचीन श्री रणबीरेश्वर मंदिर को फिर से श्रद्धालुओं के लिए आंशिक रूप से खोल दिया गया है। हालांकि शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। धर्मार्थ ट्रस्ट ने विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर इसे खोला है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) आरएस लंगेह ने बताया कि श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित कर दर्शन कर सकते हैं, लेकिन जब तक पानी की निकासी का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। बता दें कि बीते माह शहर के शालामार स्थित 170 साल पुराने श्री रणबीरेश्वर मंदिर के भवन का एक हिस्सा बारिश के कारण भरभराकर गिर गया था। इसके बाद इसे बंद कर दिया गया था। अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण कार्य प्रगति पर है और एक माह के भीतर इसके पूरा होने की संभावना है। श्रद्धालुओं से निर्माण कार्य पूरा होने तक ट्रस्ट को सहयोग करने की अपील की गई है।