रियासी। जिले के दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र के बारादरी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से कौंसर नाग यात्रा 30 जुलाई को छड़ी के साथ सरोवर के लिए रवाना होगी। यात्रा प्रबंधन कमेटी ने यात्रा के प्रबंधों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन व पुलिस से सहयोग की मांग की है। बुधवार को कमेटी ने मंदिर में बैठक कर डीसी और एसएसपी के साथ अन्य विभागों के अधिकारियों को ज्ञापन भेजा।
यात्रा के दौरान जिला मुख्यालय से चसाना सुंगड़ी तक सड़क मार्ग पर सुविधाएं देने की मांग की। सुंगड़ी से कौंसर नाग सरोवर तक पैदल रास्ते में भी श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी के साथ रात को बिजली व रहने की व्यवस्था करने की मांग की गई। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि तीस जुलाई शाम को श्रद्धालु छड़ी यात्रा में शामिल होंगे। रात को रियासी नगर की नई बस्ती में स्थित शिव मंदिर में छड़ी रुकेगी। एक अगस्त को यात्रा चसाना माहौर के लिए रवाना होगी और सलाल, कंथान, अरनास, दरमाड़ी, माहौर से होकर गुजरेगी। रात को सुंगड़ी में विश्राम के बाद अगली सुबह छड़ी पवित्र सरोवर के लिए रवाना होगी।