जम्मू। इस संकट की घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए समाजसेवी संस्थाओं ने हाथ बढ़ाए हैं। कोई लोगों को खाना बांट रहा है तो कहीं पर मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए जा रहे हैं। विश्व हिंदु परिषद की प्रदेश इकाई भी इस काम में आगे आई है। जीएमसी में भी मरीजों और तीमारदारों के साथ अस्पताल स्टाफ को पैकेट बंद भोजन पहुंचाया जा रहा है। बुधवार को जीएमसी के बाहर जेके बैंक शाखा की ओर से लोगों को खाना बांटा गया, साथ ही मास्क, सैनिटाइजर वितरित किए गए।
महाजन सभा जम्मू भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आई है। सभा की ओर से मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए जा रहे हैं। जम्मू केंद्रीय महाजन सभा के प्रधान रोमेश चंद्र गुप्ता और प्रमुख सचिव संजय महाजन ने शहर स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों की उपस्थिति में कोविड मरीजों और तीमारदारों को 1200 लीटर मिनरल वाटर मुहैया करवाया। सभा के प्रधान ने सभी बिरादरियों और सभाओं से अपील की कि इस संकट की घड़ी में एसओपी का पालन करें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।