राज्य में सुरक्षा एजेंसियों के रेड अलर्ट के बीच पुलिस ने बीते वर्ष झज्जर कोटली में आतंकी से हुई मुठभेड़ मामले में आतंकियों के हैंडलर आशिक नींगरू के भतीजे इम्तियाज खान को गिरफ्तार किया है। इम्तियाज से पूछताछ के आधार पर ताबड़तोड़ छापामारी कर छह संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।
13 सितंबर, 2018 को झज्जर कोटली में हमला करने वाले आतंकियों का हैंडलर नींगरू बन टोल प्लाजा से फरार हो गया था। जानकारी के अनुसार सिदड़ा निवासी इम्तियाज को पुलिस ने बिश्नाह के पल्ली मोड़ इलाके से गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों के पास सूचना थी कि इम्तियाज की पाकिस्तान में बातचीत होती रही है।
वह नींगरू का भतीजा है। नींगरू इन दिनों पाकिस्तान में परिवार समेत रह रहा है। तीन आतंकियों को झज्जर कोटली तक पहुंचाने वाला नींगरू टोल प्लाजा से फरार हो गया था। तब से उसका भतीजा इम्तियाज सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था।
वीरवार को पुख्ता सूचनाओं के आधार पर इम्तियाज को गिरफ्तार किया गया। इम्तियाज से पूछताछ के आधार पर परमंडल में एक साबुन फैक्टरी से आमिर मोहम्मद और आदिल अहमद को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद शोपियां और रामबन से चार और लोगों को हिरासत में लिया गया। खुफिया सूत्रों ने बताया कि इम्तियाज को नींगरू की आतंकी गतिविधियों की पूरी जानकारी रही है।
पिछले दिनों सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब से ब्रीजा गाड़ी नंबर जेके 021 एफ-0063 के जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने की सूचना दी थी। इसमें संदिग्ध होने का इनपुट दिया गया था। माना जा रहा है कि पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, सभी इसी गाड़ी में सवार थे।