रियासत के आठ आतंकियों पर रेड कार्नर नोटिस है। सभी नेशनल इन्वेस्टिगेटिव एजेंसी (एनआईए) के रडार पर हैं। ये आतंकियों को फंडिंग करने के मामले में वांछित हैं। सूत्रों का कहना है कि एनआईए की ओर से उधमपुर हमले की जांच शुरू किए जाने के बाद इनकी धरपकड़ की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार एनआईए ने आतंकियों को फंडिंग का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए चलाए गए अभियान में कुछ लोगों को घाटी के विभिन्न हिस्से से दबोचा गया, लेकिन ज्यादातर फरार बताए जा रहे हैं।
इन पर इनाम घोषित करने के बाद रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया। एनआईए ने दिल्ली में आतंकियों को फंडिंग करने के मामले में मुकदमा भी दर्ज किया है। इसमें हिज्ब के आतंकियों और मारे गए आतंकियों के परिवार वालों को जम्मू-कश्मीर अफेक्टर्स रिलीफ ट्रस्ट (जेकेएआरटी) के माध्यम से पैसा पहुंचाए जाने का आरोप है।
आतंकियों को फंडिंग मामले में हैं वांछित
इस मामले में सोपोर के बिलाल कालोनी के अब्दुल मजीद सोफी उर्फ मजीद बिसती उर्फ शाहिन, पहलगाम के लिवर के गुलाम नबी खान उर्फ आमिर खान, बारामुला के लाडूरा राफियाबाद निवासी मंजूर अहमद डार उर्फ डार मसरूर, सोपोर के परागपोरा के मुबारक शाह, सोपोर के हरवान बोमई के नजीर अहमद डार उर्फ शब्बीर इलाही और कुलगाम के गंद टंकीपोरा देवसर के उमर फारूक उर्फ महबूद उल हक को एनआईए की तलाश है।
इस मामले में हिज्ब प्रमुख मो. यूसुफ शाह उर्फ सैयद सलाहुद्दीन भी मुख्य आरोपी है। सभी पर रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया है।
पाक से हवाला के जरिये जम्मू कश्मीर में आतंकियों को फंडिंग के एक अन्य मामले में शेरगढ़ी श्रीनगर के एजाज अहमद भट्ट उर्फ एजाज मकबूल भट्ट पर भी रेड कार्नर नोटिस है। यह मूल रूप से पाकिस्तान के सियालकोट का रहने वाला है।
दिल्ली हाईकोर्ट हमले में भी दो की तलाश
इसके साथ ही दिल्ली हाईकोर्ट के रिसेप्शन सेंटर पर हुए धमाके के मामले में अबू बिलाल उर्फ गुलाम सरवर उर्फ अबू सरवर उर्फ फिरदौस उर्फ राजू की एनआईए को तलाश है। इस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मूल रूप से पाकिस्तान निवासी अबू बिलाल की आखिरी लोकेशन जम्मू के सिद्दड़ा बाईपास नगरोटा इलाके में मिली थी। इसी मामले में जुनैद अकरम मलिक उर्फ जुनि उर्फ उमर की भी तलाश है।
इस पर 10 लाख रुपये का इनाम है। हमले से पहले वह दुगा किश्तवाड़ तथा जम्मू के बठिंडी इलाके में रहता था। ज्ञात हो कि अभी हाल ही में बठिंडी से एक आतंकी को एसओजी ने गिरफ्तार किया है।