- जेकेएसएसबी ने समिति गठित की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुलिस कांस्टेबल दूरसंचार भर्ती परीक्षा में विसंगतियों के आरोपों के बाद जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने जांच शुरू कर दी है। जेकेएसएसबी की चेयरमैन इंदू कंवल चिब ने आदेश जारी कर बोर्ड के सदस्यों को मामले की जांच सौंपी है। जांच के लिए समिति का गठन किया गया है।
पुलिस कांस्टेबल भर्ती में दूरसंचार व फोटोग्राफर पदों की लिखित परीक्षा के उम्मीदवारों ने अनियमितताओं का आरोप लगाया था। आरोप है कि दूरसंचार व फोटोग्राफर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को कांस्टेबल भर्ती के कार्यकारी, सशस्त्र व एसडीआरएफ परीक्षा में शून्य से लेकर 30 अंक ही थे। एक्स पर उम्मीदवारों की ओर से आवाज उठाने के बाद पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती व पुलवामा से विधायक वहीद पर्रा ने जेकेएसएसबी पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पुलिस कांस्टेबल दूरसंचार परीक्षा में विसंगतियां हैं। बुधवार को जेकेएसएसबी की अध्यक्ष ने बैठक कर जांच के लिए समिति का गठन किया। उन्होंने शिकायतकर्ता उम्मीदवारों व अन्य हितधारकों के साथ मुलाकात करने के निर्देश दिए।
जेकेएसएसबी ने आठ दिंबसर, 2024 को पुलिस विभाग में कांस्टेबल टेलीकम्युनिकेशन की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ली थी। इसमें 167609 अभ्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद फोटोग्राफर की परीक्षा 22 दिसंबर को हुई थी। इसमें 128663 ने परीक्षा दी थी।