जिला प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा दिन, एक ही मुकाबला खेला गया
साहिल की गेंदबाजी, अभिषेक की बल्लेबाजी के दम दर्ज की रोमांचक जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिला स्पोटर्स स्टेडियम में जिला प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को खेले गए एकमात्र मुकाबले में बाबा इलेवन ने रियासी ईगल्स पर रोमांचक जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। टीम ने अंतिम ओवर में छह विकेट पर चार गेंद शेष रहते हुए जीत हासिल की।
कम स्कोर वाले मैच में दोनों टीमों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। रियासी ईगल्स की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ। टीम के विकेट अंतराल पर गिरते रहे। कोई बड़ी साझेदारी नहीं होने के कारण टीम की पारी 19वें ओवर में ही मात्र 106 रन पर ही सिमट गई और जीत के लिए 107 रन का लक्ष्य दिया। बल्लेबाज मानिक ने सर्वाधिक 32, पंकज ने 23 व कर्ण ने 10 रन का योगदान दिया। बाबा इलेवन के गेंदबाजी साहिल नाना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। वहीं, रिशभ, सुशील व अजीत ने क्रमश: दो-दो विकेट हासिल किए। बाबा इलेवन की टीम को भी लक्ष्य हासिल करने में काफी संघर्ष करना पड़ा। रियासी ईगल्स के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के चलते बल्लेबाज ज्यादा खुल कर नहीं खेल सके। बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने नाबाद 42 रन की पारी खेली। वहीं, अनूप ने 19 और धीरज ने भी सर्वाधिक 15 रन का योगदान दिया। बाबा इलेवन को जीत के लिए अंतिम दो ओवर में अठारह रन की जरूरत थे। अंतिम ओवर की चार गेंद शेष रहते हुए टीम ने लक्ष्य हासिकल कर अगले दौर में प्रवेश किया। रियासी ईगल्स के लिए रजत पंडोह ने दो व निखिल ने एक विकेट लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए साहिल नाना को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर आयोजक अनिल ठाकुर और गौरव सिंह मौजूद रहे।