रियासी। 84 घंटे के कोरोना कर्फ्यू के बाद जिले के व्यापारिक प्रतिष्ठान सोमवार को खुल गए हैं। इस दौरान मुख्य बाजारों में में काफी रौनक दिखाई दी। लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में एक-दो स्थानों को छोड़ कर अन्य कहीं पर भी लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं दिखाई दी। कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन किया गया।
सोमवार को बाजार खुलने के बाद लोग मास्क लगा कर ही खरीदारी के लिए पहुंचे। मौजूदा विवाह समारोह के सीजन के कारण काफी संख्या में लोगों ने खरीदारी की। जिला प्रशासन की तरफ से सप्ताह में तीन दिन बाजार खोलने के निर्देश जारी किए हैं। अब बुधवार को ही बाजार खुलेंगे और फिर वीरवार को बंद रखा जाएगा। शुक्रवार को बाजार खुलेंगे और शनिवार व रविवार को बंद रहेंगे। मंगलवार को केवल डेयरी उत्पादों सहित दवा व फल-सब्जी की दुकानें खोलने की ही अनुमति दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सिर्फ जरूरी काम के लिए ही घरों से निकलने की अपील की है।