श्री गणेश मंदिर, हनुमान मंदिर चौक चबूतरा और ओपन एयर थिएटर में लगाया झंडा
शारदीय नवरात्र में होगा आयोजन, विधिविधान के साथ तैयारियां शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। अक्तूबर माह के पहले सप्ताह से शुरू होने जा रहे शारदीय नवरात्र के लिए रियासी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। ओपन एयर थियेटर में पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ वार्षिक रामलीला की तैयारियों का आगाज हो गया।
शनिवार सुबह श्री दुर्गा नाटक मंडली के सदस्यों ने नगर के मुख्य बाजार में स्थित श्री गणेश मंदिर, चौक चबूतरा के हनुमान मंदिर और जनाना पार्क के पास बने ओपन एयर थियेटर की छत पर झंडा लगाया गया। ध्वजारोहण के दौरान मंडली के सदस्यों ने पूरे बाजार में ढोल की थाप पर जय श्रीराम के जयघोष लगाए।
साथ ही मंदिरों में पूजा भी की। रियासी की ऐतिहासिक रामलीला इस वर्ष 135वें वर्ष में प्रवेश करेगी, जिसे लेकर के कलाकारों में काफी उत्साह है। श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से नवरात्र के दौरान श्री राम चरितमानस के प्रमुख दृश्यों का मंचन किया जाता है। इसमें स्थानीय कलाकार विभिन्न भूमिकाएं निभाते हैं।
मंडली की तरफ से सभांग स्तरीय रामलीला का आयोजन भी करवाया जा चुका है। विद्यार्थियों की रामलीला प्रतियोगिता भी करवाई जाती है। रामलीला के सफलतापूर्ण मंचन के लिए जल्द ही रिहर्सल की शुरूआत राम भवन में की जाएगी। रामलीला के सम्पन्न होने पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दशहरा मनाया जाएगा।