श्री शिवखोड़ी धाम में सावन महोत्सव जारी, भोले बाबा के जयकारों से गूंज रहा क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा के बाद जिले के दूसरे बड़े धार्मिक स्थल श्री शिवखोड़ी धाम में सावन महोत्सव जारी है। बुधवार को तीसरे दिन टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर रनसू में शिव लीला का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने भगवान शंकर की महिमा का गुणगान किया गया।
शिव लीला में जम्मू-कश्मीर अकादमी ऑफ आर्ट, कल्चर एंड लैंगवेजेज के कलाकारों ने भोले बाबा की महिमा का गुणगान किया। शिव लीला को देखने के लिए रनसू के स्थानीय लोगों के साथ ही रनसू शिवखोडी में आए तीर्थ यात्रियों ने भी हिस्सा लिया। सुबह से शाम तक क्षेत्र भोले बाबा के जयकारों से गूंज रहा है।
सावन महोत्सव के दौरान रोजाना टीआरसी में विभिन्न प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्थानीय गायक भी भजनों के जरिये भगवान शिव की महिमा का गुुणगान कर रहे हैं। सोमवार को गुफा के पास बनी यज्ञशाला में रूद्राभिषेक के साथ ही पूजा की जाएगी।