संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर में सोमवार को अचानक माड़ी नाले में जोरदार बाढ़ आ गई। बताया जाता है कि लगभग 35 वर्षों के बाद इस नाले में पानी का इतना तेज उफान देखने को मिला है।
सोमवार दोपहर बाद लगभग चार बजे माड़ी नाला जो कैंबल डंगा व विजयपुर की खड्ड से गुजर कर दरिया में मिलता है, में बाढ़ आ गई। मिट्टी के मलबे के साथ पानी में काफी छोटे और बड़े पत्थर भी बहने लगे। कैंबल डंगा की तरफ से रास्ता जिला अस्पताल, डिग्री कॉलेज, पॉलीटेक्निकल कॉलेज व ज्योतिपुरम की तरफ भी जाता है। नाले में आई बाढ़ के बाद इस तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया।
एसएचओ रंजीत सिंह राव ने किसी को भी नाले के पास नहीं जाने की हिदायत दी है। वाहन चालक माड़ी में स्थित एसएसपी ऑफिस व शनि मंदिर के पास से होकर गुजरे। नाले में आए उफान को देखने के लिए स्थानीय लोग भी जमा हो गए। माड़ी निवासी शशि शर्मा, रीता कुमारी और भारत भूषण ने बताया कि 35 वर्ष पहले नाले का पानी माड़ी व अगार बल्लियां के बीच में से गुजरा था। कई वर्षों बाद दोबारा ऐसा देखने को मिला है।
मौजूदा समय के दौरान नाले के आसपास कई सरकारी कार्यालय के साथ काफी संख्या में घर भी बने हुए हैं। नाले में आई बाढ़ को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे पहाड़ी इलाके में बादल फटने की घटना बताया तो किसी ने कहा कि माड़ी व ग्रा मोड़ इलाके में दोपहर एक बजे से बारिश हो रही थी जिससे पहाड़ी से काफी पानी व मलबा आ गया।