अरनास और माड़ी पोलिंग स्टेशन पर तैनात दो कर्मचारियों को शिकायत मिलने पर हटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। विधानसभा चुनाव में जिला के मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति जबरदस्त आस्था दिखाई है। खास कर पहली बार अस्तित्व में आई श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सीट पर मतदाताओं ने उत्साह के साथ वोट डाले। पहाड़ी क्षेत्र गुलाबगढ़ में भी मतदाता बिना किसी हिचक और डर के वोट डालने पहुंचे।
बुधवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का आना शुरू हो गया था। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी मतदाता उत्साह के साथ अपने अधिकार का उपयोग करने के लिए पहुंचे। सुबह नौ बजे तक पंद्रह प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं ग्यारह बजे मतदान प्रतिशत 34.39 पहुंच गया। इसके बाद भी मतदान प्रतिशत में कोई कमी नहीं आई। दोपहर एक बजे 51.54 प्रतिशत मतदान हुआ तो तीन बजे 63.91 प्रतिशत मतदान पहुंच गया।
खास बात यह रही कि गुलाबगढ़ विधानसभा में दोपहर तीन बजे मतदान 65 प्रतिशत को पार कर गया। वहीं शाम पांच बजे तक कुल 73.82 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें कटड़ा विधानसभा में सबसे ज्यादा 75.29 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम छह बजे मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक पूरे जिले में अस्सी प्रतिशत के करीब मतदान हुआ। रियासी विधानसभा में सुबह ग्यारह बजे तक 32.31, दोपहर एक बजे तक 50.25, तीन बजे तक 61.23 और शाम पांच बजे तक 69.09 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान अरनास और माड़ी पोलिंग स्टेशन पर तैनात दो कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी से हटाया गया। आरोप है कि वह लोगों को किसी एक पार्टी के लिए मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इसकी शिकायत की गई थी।