श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा में अर्द्धकुंवारी व रियासी के चार मतदान केंद्र समायोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। आगामी विधानसभा चुनावों की घोषणा होते ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो चुकी है। निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी जिला चुनाव अधिकारी एवं डीसी विशेष पाल महाजन ने प्रेसवार्ता में दी।
साथ ही बताया कि विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों रियासी, गुलाबगढ़ और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा में मतदान के लिए 436 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गुलाबगढ़ में सबसे ज्यादा 177, रियासी में 168 और कटड़ा में 90 मतदान केंद्र हैं।
कटड़ा में अर्द्धकुंवारी मतदान केंद्र के साथ ही रियासी के चार मतदान केंद्रों में कोई भी मतदाता या कम संख्या के कारण उन्हें समायोजित कर दिया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे सभी मतदान केंद्र
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। साथ ही सीधा प्रसारण के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मतदाताओं से लोकसभा चुनावों की भांति विधानसभा चुनावों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और 25 सितंबर को मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए आरओ व एआरओ की नियुक्ति कर दी गई है।