-स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल विभाग के अधिकारियों से मिला, दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। तलवाड़ा गांव में बिजली की आपूर्ति महादेव फीडर से देने का विरोध जताते हुए बुधवार को स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल विभाग के अधिकारियों से मिला। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर तलवाड़ा में बिजली की सप्लाई महादेव फीडर से दी गई तो वे प्रदर्शन करेंगे।
लोगों ने विभाग के एक अधिकारी को कहा कि तलवाड़ा व उसके आसपास के गांवों में बिजली की आपूर्ति पौनी फीडर से होती है। लगातार कटौती होने के कारण पिछले महीने वहां के लोगों ने प्रदर्शन कर आपूर्ति रियासी से देने की मांग की थी। इस पर विभाग ने बारादरी से दरिया के पुल पर खंभे व तार को बिछाया है जिनसे बिजली सप्लाई रियासी के महादेव फीडर से देने की तैयारी है।
लोगों ने कहा कि अगर तलवाड़ा को बिजली की सप्लाई महादेव फीडर से दी जाती है तो इसका भार रियासी नगर पर पड़ेगा। स्थानीय लोगों को बिजली की अतिरिक्त कटौती से जूझना पड़ सकता है वहीं अगर कभी कोई खराबी आती है तो उसे ठीक करने में भी समय लगेगा। लोगों ने तलवाड़ा व अन्य ग्रामीण इलाकों में बिजली की आपूर्ति के लिए अलग से ट्रांसमिशन लाइन डालने को कहा।
अधिकारी ने बताया कि तलवाड़ा काे पनासा फीडर से बिजली देने की योजना है। इससे रियासी नगर में बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। लोगों के साथ परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी, पूर्व पार्षद अमित शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, अंकुश नरगोत्रा, सतपाल शर्मा आदि मौजूद थे।