संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही रियासी नगर में दिनभर माहौल राममयी रहा है। दिनभर नगर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा और चारों ओर रौनक रही।
सोमवार का पूरा दिन उत्सव उत्सव का माहौल रहा। नगर के नई बस्ती व गड़ाल मोहल्ले में एलईडी लगा कर राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण देख लोग ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। ओपन एयर थियेटर में श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद भक्त भजनों पर झूमते दिखाई दिए और प्रसाद भी वितरित किया गया। श्री गणेश मंदिर चौक चबूतरा के हनुमान मंदिर के पास व मुख्य बाजार के प्रवेश द्वार पर स्टाल लगा कर गाजर का हलवा, हलवा, गुलाब जामुन व सूखे मेवे का काढ़ा वितरित किया गया। इस के अलावा श्री कालिका माता मंदिर, शिव मंदिर गड़ाल और आप शंभू महादेव मंदिर में भंडारा लगाया गया। दिन भर युवाओं की टोलियां बाइक रैली निकालते हुए जय श्रीराम के जयघोष लगाते दिखाई दीं। मंदिरों में भजन-कीर्तन भी किया गया। शाम को आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। जिला मुख्यालय के साथ सटे गांव अगार बल्लियां, विजयपुर, माड़ी, ग्रामोड, तरैंथा और सीला के साथ ही ज्योतिपुरम के मंदिरों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए।