कुलगाम। नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी तीन शिक्षकों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान हिलाल अहमद डार के रूप में हुई है जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। इस बीच शिक्षा विभाग ने तीनों आरोपियों को निलंबित कर दिया है।
डीएच पोरा थाने की पुलिस के अनुसार, उसे लिखित शिकायत मिली थी कि तीन शिक्षकों हलाल अहमद डार जो मिडिल स्कूल चचीमुल्लाह गांव में शिक्षक के रूप में तैनात है उसने अपने दो शिक्षक साथियों नजीर अहमद शाह व आमिर फारूक के साथ मिलकर एक लड़की का अपहरण करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। यह दोनों शिक्षक मिडिल स्कूल वानी मोहल्ला गोंडवानी में तैनात हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने एसडीपीओ डीएच पोरा और एसएचओ डीएच पोरा इंस्पेक्टर अब्दुल अहद के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मामले की तफ्तीश शुरू की। 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है।
-मुख्य आरोपी को छोड़ने की फैली अफवाह
इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि पुलिस ने पकड़े आरोपी को छोड़ दिया है। मेडिकल परीक्षक पीड़िता को अपना बयान बदलने का दबाव बना रहा है। पुलिस ने इन बातों को गलत ठहराया है। इसे अशांति पैदा करने का प्रचार बताया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अगर किसी के पास अफवाह फैलाने वालों संबंधी जानकारी है तो पुलिस को सूचित करें। इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।