रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाकर कर्नाटक पर दबदबा बना लिया, जबकि आकिब नबी की शानदार गेंदबाजी से कर्नाटक का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया।
रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन भी जम्मू-कश्मीर का दबदबा रहा। बल्लेबाजों के विशाल स्कोर के बाद गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टार खिलाड़ियों से सजी कर्नाटक टीम को बैकफुट पर धकेल दिया है। 584 रनों के पहाड़ जैसे स्कोर का पीछा कर रही कर्नाटक की टीम अभी भी 364 रन पीछे है और आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कर्नाटक के लिए मयंक अग्रवाल (130*) ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा है।
विज्ञापन
विशाल स्कोर के दबाव में उतरी कर्नाटक की शुरुआत निराशाजनक रही। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कर्नाटक के टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी। स्टार बल्लेबाज केएल राहुल (13) को आउट करने के बाद करुण नायर और स्मरण आर को बिना खाता खोले ही चलता किया।
आकिब का साथ तेज गेंदबाज सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह ने भी बखूबी निभाया। दोनों ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। तीन विकेट लेने के साथ ही आकिब के कुल विकेटों की संख्या 58 हो गई है और सबसे विकेट लेने वाले उत्तराखंड के मयंक मिश्रा से एक विकेट पीछे है।
विज्ञापन
एक समय कर्नाटक ने 57 रन पर चार अहम विकेट गंवा दिए थे और फाॅलोआन खेलने की नौबत आती दिख रही थी लेकिन शुरुआती झटकों के बाद मयंक अग्रवाल ने संकटमोचक की भूमिका निभाई। उन्होंने श्रेयस गोपाल (27) के साथ मिलकर 105 रनों की साझेदारी की और टीम की कुछ हद तक वापसी कराई। गोपाल के आउट होने के बाद मयंक और कृतिक कृष्णा क्रीज पर डटे हुए हैं और दोनों के बीच 58 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। दिन का खेल खत्म होने तक मयंक 130 रन बनाकर नाबाद हैं।
साहिल और युद्धवीर ने पहुंचाया 584 के पार:
इससे पहले वीरवार को सुबह जम्मू-कश्मीर ने अपने बुधवार के के स्कोर 527/6 से आगे खेलना शुरू किया। आबिद मुश्ताक और आकिब नबी जल्दी आउट हो गए लेकिन साहिल लोतरा ने 72 रनों की अहम पारी खेली। अंत में युद्धवीर सिंह ने भी 30 रनों की तेज-तर्रार पारी खेलकर टीम को 584 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। कर्नाटक के लिए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके।