बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत जम्मू एंड कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सर्विसेज के नौ विकेट 238 रनों पर झटक लिए। सर्विसेज दबाव में है, उसके नौ विकेट गिर चुके हैं और वह 122 रन पीछे है। इससे पहले जेएंडके ने पहली पारी में 360 रन बनाए। कप्तान परवेज रसूल 182 रन बनाकर आउट हो गए। जेएंडके की ओर से मोहम्मद मुदस्सर ने तीन विकेट झटके।
दिल्ली के पालम ग्राउंड पर खेले जा रहे मुकाबले में रविवार की सुबहजेएंडके सात विकेट पर 338 रन से आगे खेलने उतरी और पूरी टीम 360 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान परवेज रसूल (182) अपने दोहरे शतक से चूक गए। 360 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सर्विसेज की टीम की शुरूआत खराब रही। दोपहर के खाने तक सर्विसज ने 68 रन पर चार विकेट गवां दिए थे।
इसके बाद कप्तान रजत पालिवाल (34) ने एपीएस शर्मा (47) के साथ मिलकर पारी को संभाला। चाय तक टीम को एपीएस शर्मा के रूप में एक और झटका लगा। दिन का खेल खत्म होने तक सर्विसेस के नौ विकेट गिर चुके थे, जबकि जेएंडके के स्कोर की बराबरी करने के लिए उसे 122 रन और बनाने हैं। गेंदबाजी में जेएंडके ने छह गेंदबाज उतारे थे।
मोहम्मद मुदस्सर ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 19 ओवर की गेंदबाजी में पांच मेडन के साथ तीन विकेट लिए। वहीं उमर नजीर ने दो, आकिब नबी, आबिद मुश्ताक, परवेज रसूल और अब्दुल समद ने एक-एक विकेट लिया।