रामलीला प्रतियोगिता में सीता हरण दृश्य का मंचन करते हुए त्रिकुटा शिक्षा निकेतन के विद्घार्थी।
- फोटो : REASI
रियासी। ओपन एयर थियेटर में जारी रामलीला प्रतियोगिता के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने अपने अभिनय का लोहा मनवाया। इसमें रावण का किरदार निभाने वाले नन्हे कलाकार सार्दिक शर्मा के मंच पर पहुंचने से पहले ही घबराहट में पसीने छूट गए। थोड़े आराम के बाद एक लोटा पानी पीकर जब वह मंच पर पहुंचा तो विधिवत माता सीता का हरण कर ले गया। इस दौरान उसने काफी तालियां बटोरीं।
स्थानीय त्रिकुटा शिक्षा निकेतन के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में सीता हरण का दृश्य मंचित किया। इसमें जब श्रीराम मृग को मारने के लिए कुटिया से चले जाते हैं तो मायावी मारीच श्रीराम की आवाज में लक्ष्मण को सहायता के लिए पुकारता है। जब लक्ष्मण प्रभु श्रीराम की सहायता के लिए जाते हैं तो इसी दौरान रावण कुटिया में आकर माता सीता का हरण कर लेता है। इस दृश्य को बच्चों ने शानदार तरीके से प्रस्तुत किया।
इस दौरान रावण बने नन्हे कलाकार सार्दिक शर्मा के पोशाक धारण करते समय घबराहट में पसीने छूट गए। दृश्य से पहले वह काफी घबरा गया था। फिर उसकी पोशाक उतारी गई और उसे लोटा भर कर पानी पिलाया गया। इस दौरान दृश्य का मंचन रोकना पड़ा। जब सार्दिक की सांस में सांस आई तो उसे तैयार कर ठहाके लगाते हुए रावण के वेष में मंच पर चढ़ाया गया। जब सफलतापूर्वक सीता हरण का मंचन हो गया तो सार्दिक के लिए दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
प्रतियोगिता में दूसरा दृश्य हायर सेकेंडरी स्कूल सलाल के विद्यार्थियों ने कैलाश तलहटी का प्रस्तुत किया। कैलाश के पास से गुजरते रावण का विमान रुकता है। इस दौरान रावण कैलाश को अपने स्थान से हटाने का असफल प्रयास करता है। जब उसे अपनी गलती का एहसास होता है तो वह भगवान शिव से गलती की क्षमा याचना करता है। इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव रावण को चंद्रहास भेंट स्वरूप देते हैं।
तीसरा दृश्य अगार बल्लियां स्कूल के विद्यार्थियों ने श्रवण कुमार का दिखाया। इस दौरान राजा दशरथ के किरदार में नकुल बाली का अभिनय देख लोग दंग रह गए। दशरथ के हाथों तीर लगने से श्रवण कुुमार की मौत का मार्मिक दृश्य काफी सराहा गया। अंतिम दृश्य जनरल जोरावर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने ताड़का वध का प्रस्तुति किया। इस दृश्य में कोई संवाद नहीं था और दृश्य को समय से पहले समाप्त भी कर दिया गया। हालांकि, ताड़का का किरदार निभाने वाला कलाकार अभिजीत सिंह अपने हिस्से की वाहवाही लूट ले गया।