अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे राम आएंगे... यह भजन सोमवार को हर मंदिर और घर में गुणगाएगा। भगवान राम के महल में लौटने की खुशी में अयोध्या से लेकर जम्मू-कश्मीर में दीपावली का माहौल होगा। इस बार सोमवार इतना खास है कि रविवार की छुट्टी बिता रहे लोग सुबह का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उच्च शिक्षण संस्थानों, सरकारी दफ्तरों के साथ निजी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी होने से आस्था का सैलाब सड़कों किनारे, पार्कों और सार्वजनिक व धर्मस्थलों में उमड़ेगा। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनने के लिए श्रद्धालु परिवार के साथ भक्ति में लीन होंगे।
रघुनाथ मंदिर में शहर का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या से सीधा प्रसारण देखने के लिए मिलेगा। स्थानीय लोक कलाकारों सहित अन्य गायक भजनों से राम नाम की महिमा का बखान करेंगे। रथ यात्रा वातावरण को भक्तिमय बनाएगी। बावे वाली माता मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, प्राचीन हनुमान जी मंदिर पुरानी मंडी, पंच मंदिर ग्रीन बेल्ट पार्क, शिव मंदिर लोअर रूपनगर रिहाड़ी कॉलोनी, वेयरहाउस नेहरू मार्केट सहित करीब 20 से अधिक स्थानों पर विभिन्न संगठनों और कमेटियों की ओर से आयोजन करवाए जाएंगे।धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ मुस्लिम समाज के लोग भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। प्रभु श्रीराम की शिक्षाओं पर चलने का संकल्प लिया जाएगा। सियापति श्री रामचंद्र की जय के बीच देर रात तक भक्तों ने उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। टेंट, सजावट, लाइटें और लंगर के प्रबंधों का जायजा लिया गया। शोभायात्रा से लेकर पद यात्रा निकाल प्रभु के चरणों में हाजिरी लगाई गई। पुष्पवर्षा से भगवान के स्वरूप को पलकों पर बिठाया गया। इससे पहले सुबह को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में हाथ में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालुओं ने श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या की ओर प्रस्थान किया।
गाड़ी लेकर कुपवाड़ा की सादिका खान निकली अयोध्या
कश्मीर के कुपवाड़ा की सादिका खान खुद गाड़ी चलाकर अयोध्या के लिए निकल पड़ी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम जी के आने की खुशी है। पूजा पाठ में भाग लूंगी। पहले 22 जनवरी के बाद अयोध्या जाने की योजना बनाई थी लेकिन रात को सपने में श्रीराम आएं। फिर उठकर अल्लाह का नाम लिया और उसके बाद श्रीराम का नाम लेकर दर्शन के लिए निकल पड़ी। उन्होंने कहा कि जात-पात और मजहब में कुछ नहीं रखा। भाईचारा सर्वोपरि है। चंडीगढ़ में जब रहती थी तो वहां पंजाबी व हिंदू दोस्त भी थे उनके साथ अच्छा रिश्ता बना।