आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराएं अधिकारी : डीईओ
जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) बडगाम डॉ. बिलाल मोही-उद-दीन भट ने मंगलवार को बैठक कर बडगाम उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। डीईओ ने तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्वाचन क्षेत्र में सुचारु, समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित करने और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
डीईओ ने कहा कि सभी हितधारक दिशानिर्देशों का पालन करें। राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने, जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया। अधिकारियों से कहा कि सभी मतदान स्थलों पर पेयजल, निर्बाध बिजली, व्हीलचेयर और अन्य न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीईओ ने मतदाता पर्ची और ईपीआईसी कार्ड वितरण, वेबकास्टिंग और साइनेज की व्यवस्था, मतदान कर्मियों, चिकित्सा दलों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की भी समीक्षा की। डीईओ ने कहा कि सभी गतिविधियां आपसी समन्वय के साथ संचालित की जाएं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बडगाम ने डीईओ को बताया कि बडगाम सीट पर 1.25 लाख मतदाताओं के लिए 173 मतदान केंद्र हैं।