राजनाथ ने जवान को दिया कंधा
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए पुष्पचक्र अर्पित किया। एक शहीद जवान को कंधा भी दिया। कहा कि राष्ट्र बहादुर सीआरपीएफ जवानों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। दिल्ली से यहां पहुंचते ही गृह मंत्री ने श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की जहां शहीदों के पार्थिव देह तिरंगे में लिपटे ताबूतों में रखी गयीं थी।
इसके बाद पार्थिव शरीर को विमान से ले जाया गया। इस दौरान राज्यपाल सत्यपाल मलिक, गृह सचिव राजीव गाबा, सीआरपीएफ महानिदेशक आरआर भटनागर, डीजीपी दिलबाग सिंह और अन्य लोगों ने शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। गृहमंत्री ने राज्यपाल और सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलवामा हमले में घायल जवानों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की और उनका कुशल क्षेम पूछा।