रियासत में दूसरे दिन भी मौसम बिगड़ा रहा। भारी बारिश और बर्फबारी हुई। श्रीनगर तथा लेह-लद्दाख का देश-दुनिया से संपर्क कट गया है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे और श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हैं। जम्मू-श्रीनगर हवाई सेवा भी ठप रही।
हाईवे बंद रहने की वजह से जम्मू बस स्टैंड तथा श्रीनगर में सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं। कट़ड़ा में भारी बारिश से दूसरे दिन भी माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए चापर सेवा बाधित रही। नाले में बहने से उधमपुर तथा कठुआ जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एसएसपी हाईवे ट्रैफिक संजय कोतवाल का कहना है कि भारी बारिश व भूस्खलन, पहाड़ी खिसकने व जवाहर टनल के पास बर्फबारी होने से हाईवे बंद रखा गया है। सेरी, पंथाल, मगरकोट, गांगरू व हिमनी में भी पस्सियां आ गईं हैं। इससे हाईवे पर वाहनों का आवागमन बंद है। मशीनरी लगाकर हाईवे को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। लेकिन, लगातार बारिश के कारण मुश्किलें हो रहीं हैं।
उधमपुर जिले के खैरी इलाके की पहाड़ी से चट्टानें खिसकी
उधमपुर जिले के खैरी इलाके की पहाड़ी से चट्टानें खिसक गई जिससे करीब 25 मीटर मलबा हाईवे पर बिखर गया। सेरी इलाके में पहाड़ का हजारों टन का एक बड़ा हिस्सा मलबे के साथ राजमार्ग पर आ गिरा। इससे चिनैनी, पत्नीटाप और रामबन की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई।
जखैनी इलाके से आगे राजमार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। डोडा-कि श्तवाड़ मार्ग के द्रबशाला में पस्सियां आने से मार्ग बंद रखा गया है। रामबन, डोडा व किश्तवाड़ के संपर्क मार्ग भी बंद हैं। श्रीनगर-लेह मार्ग तथा जम्मू से श्रीनगर को जाने के लिए मुगल रोड पहले से ही बंद है।
बांडीपोरा में हिमस्खलन के चलते 15 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि, इसमें किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हिमस्खलन की आशंका से कुलगाम के वालटेंगूनाड से 27 परिवारों को सेना व पुलिस ने राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नौगुका में शिफ्ट किया है।
कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी
कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग में बर्फबारी का लुत्फ उठाने काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे, लेकिन स्थानीय नागरिकों के लिए बारिश और बर्फबारी मुसीबत बनकर टूटी है। श्रीनगर में करीब एक फीट तक बर्फबारी हुई। अधिकतर इलाकों में बिजली की सप्लाई पर भी असर पड़ा है।
जम्मू में लगातार बारिश के कारण तवी का जलस्तर साढ़े दस फुट तक पहुंच गया है। चिनाब का जलस्तर 27 फुट रिकार्ड किया गया। जलस्तर बढ़ने के कारण तवी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।
जम्मू में 81, कटड़ा में 129, गुलमर्ग में 33, कोकरनाग में 42, श्रीनगर में 8.4, पहलगाम में 10 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इसके साथ ही काजीगुंड में 19, गुलमर्ग में 42, कोकरनाग में 18, पहलगाम में 25 एवं कुपवाड़ा में सात सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।