ज्यौड़ियां। खौड़ की पंचायत मट्टू के मिडिल स्कूल मट्टू का परिसर और सभी कमरों में बारिश का पानी भरने से मजबूरन स्कूल में छुट्टी करनी पड़ी। गांव भी जलमग्न हो गया है।
बताया जाता है कि गांव के पास से पानी का निकास बंद होने से बारिश का पानी स्कूल के साथ-साथ गांव में जमा हो रहा है। इससे घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बढ़ गई है। इससे पहले बरसात के दिनों में बारिश का पानी गांव के ही कुछ किसानों के खेतों से होकर गुजरता था। इससे फसल भी बर्बाद होती थी।
उक्त किसानों ने फसल के नुकसान को बचाने के लिए अपने खेतों के आगे बांध बना दिया है। इससे पानी का निकास बंद हो गया है। वहीं, अब गांव में पानी भर रहा है। गांव की गलियों ने नहर का रूप धारण कर लिया है। वीरवार की सुबह जब यह सूचना एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर को मिली, तो प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जायजा लेने पहुंचे।
उन्होंने पानी का जल्द निकास करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों, नायब तहसीलदार आदि को निर्देश दिए कि जल्द निशानदेही करवा कर पता लगाया जाए कि कहां पर क्या है। गांव के लोगों से भी सहयोग मांगा।
नंदपुर में छात्रों की भीग गईं किताबें
नंदपुर स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में बारिश का पानी इकठ्ठा होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीरवार सुबह छात्र स्कूल पहुंचे तो परिसर तालाब का रूप धारण कर चुका था। जब स्कूल परिसर में दाखिल होने लगे, तो कई की किताबें भीग गईं।
छात्रों ने कक्षाओं में बैठकर ही कपडे़ भी सुखाए।