मेंढर। उपजिले और इसके आसपास सटे इलाकों में शनिवार सुबह से मूसलाधार बारिश शुरू होकर पूरा दिन रुक रुक कर होती रही। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से ही ऊंचे पहाड़ों पर और निचले भागों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। उधर, मेंढर उपजिले के मुख्य बाजार में नालियां बंद पड़ी रहने से सड़कों पर पानी भर गया और साथ ही कई दुकानों के अंदर भी पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों का काफी नुकसान हुआ। मेंढर व्यापार मंडल प्रधान बलराम शर्मा की अगुवाई में दुकानदारों ने बीडीओ मेंढर को चेताया कि व्यापार मंडल की ओर से कई बार नालियों और सड़कों की मरम्मत के लिए गुहार लगाई गई लेकिन इस पर कोई काम नहीं किया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई कि जल्दी से मेंढर के मुख्य बाजार की सुध ली जाए और मरम्मत के कार्य करवाए जाएं।