अरनिया। बारिश से ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। वहीं किसानों के चेहरों पर भी चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। शुक्रवार रात करीब दस बजे तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई, जो सुबह छह बजे तक जारी रही।
वही शनिवार करे तीन बजे तक मौसम साफ रहने के बाद फिर से बादलों का जमावड़ा शुरू हो गया। जो देर शाम खबर लिखे जाने तक जारी रहा। शाम लाल, ओम प्रकाश, सोहन लाल, गार सिंह व तरलोक सिंह आदि किसानों ने कहा कि भले ही शुक्रवार रात भर बारिश होती रही। मगर खेतों में पानी जमा न होने से फिलहाल गेहूं की फसल को कोई नुकसान नही पहुंचा है।
---------
बारिश से सर्दी बढ़ी, किसान खुश
विजयपुर। क्षेत्र में बारिश होने से किसान खुश और सर्दी में बढ़ोतरी हो गई। काफी समय से लोगों को खांसी, जुकाम आदि संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा था। शनिवार को हुई बारिश से लोगों ने सर्दी का अहसास किया और गर्म कपड़े पहना शुरू किए। बारिश से किसान वर्ग भी खुश नजर आ रहा है। क्योंकि इस समय खेतों में पानी की बहुत जरूरत है। किसानों ने बताया कि इस समय गेहूं की बिजाई का सीजन है, शनिवार को जो बारिश हुई है इससे हम लोगों को काफी लाभ मिला है। वहीं जिन लोगों के घर शादी समारोह चल रहा है उनको इस बारिश से परेशानी का सामना करना पड़ा। संवाद
-------------
बारिश से किसानों के चेहरे खिले
रामगढ़ । क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिले हैं। किसानों का कहना है कि अभी बारिश की बहुत जरूरत थी, लेकिन रामगढ़ क्षेत्र में कुछ किसानों की धान की फसल अभी तक खेतों में खड़ी हैं। उनको कटाई के चलते मजदूरों नहीं मिले हैं, जिससे कुछ किसानों की गेहूं की रोपाई में बहुत देरी हो गई है। किसान नेता भगवान चौधरी, ओमप्रकाश चौधरी, तेजिंदर सिंह, बलवंत सिंह ने कहा कि बारिश से कुछ किसानों को फायदा हुआ, लेकिन बहुत सारे किसानों को बारिश का नुकसान भी हुआ है। संवाद
-------------
बारिश के बाद किसान गेहूं के बजाय बरसीम की खेती कर रहे
बिश्नाह । शुक्रवार की रात बादलों की तेज गरज के साथ हुई बारिश से मौसम सर्द हो गया है। किसानों को जिन खेतों में गेहूं की फसल लगानी थी वहां बारिश का पानी जमा होने के बाद किसान अब इनमें बरसीम की खेती कर रहे हैं। बरसीम जानवरों के चारे की फसल है। किसानों का कहना है कि इसी बारिश के बाद जो खेतों में बारिश का पानी इकट्ठा हो गया है। इनमें नमी के लिए कम से कम 15 दिन और लगेंगे और अगर बीच में फिर से बारिश हो गई तो कोई भी फसल नहीं लगा पाएंगे। इसके चलते वह गेहूं की बजाय अब इन खेतों में बरसीम की खेती कर रहे हैं ताकि जानवरों के लिए चारे की कमी न होने पाए। संवाद
--------------
बारिश के चलते ठंड बढ़ी
बाड़ी ब्राह्मणा। शुक्रवार रात हुई बारिश से ठंड का प्रकोप लोगों में देखने को मिला। शनिवर को दूसरे दिन भी धूप और बादलों का खेल चलता रहा। और शाम के वक्त ठंड ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। रात में हुई बारिश से ठंड अधिक बढ़ गई है, जिससे शनिवार देर शाम को लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। दूसरी ओर बारिश के चलते बाड़ी ब्राह्मणा के कई क्षेत्रों में बिजली भी गुल रही। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संवाद