आरएस पुरा। जम्मू संभाग में तीन दिन से हो रही बारिश के चलते पंचायत पचेल में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। शुक्रवार को पंचायत के सरपंच सुभाष सैनी ने पंचायत के गांवों का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिन गरीब परिवारों के मकानों को नुकसान पहुंचा है उन्हें आर्थिक मदद तथा छह माह के लिए मुफ्त राशन मुहैया कराया जाए।
सरपंच ने बताया कि उनकी पंचायत में बारिश के कारण कुल सात कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा और जिन परिवारों को यह नुकसान पहुंचा है वह काफी गरीब हैं। ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द ऐसे परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें राहत राशि दी जानी चाहिए। सरपंच ने बताया कि कुछ ऐसे परिवार हैं जिनके मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए है। अब वह किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। सुभाष सैनी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने तहसीलदार अरनिया को भी अवगत कराया है।
सरपंच ने कहा कि पंचायत में ऐसे कई गरीब परिवार हैं जिन्होंने इंदिरा आवास योजना के तहत पक्के मकानों के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन उन्हें सरकार की तरफ से अभी तक कोई भी राशि नहीं मिली। सरपंच ने उपराज्यपाल से अपील करते हुए कहा कि वह जल्द से जल्द संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दें कि गरीब परिवारों के आवेदन भरवाएं और उन्हें सहायता राशि उपलब्ध कराएं। इस मौके पर रविंद्र सैनी व गणेश कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद थे।