आरएस पुरा। क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई बारिश के चलते किसानों को काफी हद राहत मिली। इन दिनों किसानों द्वारा धान की रोपाई करने पर पानी की अधिक जरूरत होने पर सुचारु रूप से पानी की आपूर्ति न होने पर दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा था। किसान किशन लाल का कहना है कि इस बारिश से किसान को अब आने वाले दिनों में धान की रोपाई कर सकेंगे। किसान धर्मपाल चौधरी, ओम प्रकाश ने कहा कि सीमा के अंतिम छोर तक नहरी पानी की आपूर्ति न होने पर किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार को हुई बारिश से किसानों को काफी हद तक राहत मिली है। संवाद
----------
बारिश से कई जगह जलभराव
अखनूर। क्षेत्र में दोपहर को करीब बीस मिनट बारिश होने पर कस्बे में कई जगहों पर जलभराव हो गया। म्यूनिसिपल कमेटी की कार्यप्रणाली को लेकर लोग प्रश्न चिह्न लगा रहे हैं। कस्बे के वार्ड-8 में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। कई घरों में रखा समान भी खराब हो गया। लोगों में म्यूनिसिपल कमेटी के खिलाफ कड़ा रोष है। लोगों का कहना है कि पानी की निकासी नहीं होने पर घरों में पानी घुसा। कई माह से वार्ड में गली की मरम्मत की मांग की जाती रही है। संवाद
बादल छाए, सूरज नहीं निकलने पर गर्मी से राहत
रामगढ़। सीमावर्ती गांव में दो दिन से बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश होने का नाम नहीं ले रही। वहीं किसानों ने कहा कि इस सावन माह में हमें बारिश होने की पूरी उमीद थी, लेकिन रामगढ़ क्षेत्र में पानी के लिए किसान तरस रहा है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह से हमारे क्षेत्र में बारिश नहीं हुई तो हमारी धान की फसल सूखने के कगार पर पहुंच जाएगी। किसानों ने कहां कि हमने बहुत मुश्किल के साथ खेतों में धान की रोपाई की, हमें इस वक्त पानी की बहुत जरूरत हैं । संवाद
---------------
पूरे दिन धान की रोपाई में जुटे रहे किसान
अरनिया। सोमवार से हो रही हल्की बारिश मंगलवार को भी जारी रही। इससे मंगलवार को सारा दिन क्षेत्र के किसान धान की रोपाई में ही जुटे रहे। किसानों के अनुसार सोमवार को हल्की बारिश होने से खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया। हल्की बारिश का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा। इसका पूरा लाभ उठाते हुए सारा दिन धान की रोपाई में ही किसाना जुटे रहे।
खेम राज, बचन लाल, गिरधारी लाल, अतर सिंह व गुरदीप सैनी आदि किसानों का कहना है कि फिलहाल कुछ दिन पहले सिंचाई के अभाव से रोकी गई धान रोपाई को आज फिर से अधिक स्थानीय श्रमिकों के सहयोग से शुरू कर दिया गया है। संवाद