शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी को झेल रहे शहरवासियों के लिए मंगलवार की रात मौसम का बदला मिजाज राहत के साथ आफत लेकर आया। 50-55 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने जमकर तांडव मचाया। कई जगह पेड़ों के साथ मोबाइल टावर, दोपहिया वाहन, टीन की छतें आदि गिर गए।
रूप नगर में दीवार गिरने से कई वाहन चकनाचूर हो गए। शहर के अधिकांश इलाकों में रातभर बिजली गुल रही। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
जम्मू में मंगलवार की सुबह की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। लेकिन दिनभर इंद्रदेव के मेहरबान न होने से देर शाम तक शहरवासियों को भारी उमस के साथ 41 डिग्री का तापमान झेलना पड़ा। रात 8.45 बजे अचानक तेज हवाएं चलना शुरू हुईं। देखते ही देखते आसमान से पानी बरसने लगा। लेकिन तब तक तेज हवाओं ने भारी तबाही मचा दी थी।