अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन में वाणिज्यिक वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद थम नहीं रहा। शनिवार को पार्किंग स्थल पर ठेकेदार द्वारा बैरिकेडिंग करने पर जमकर विवाद हुआ। ट्रांसपोर्टरों ने बैरिकेडिंग को उखाड़ दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गुटों को शांत किया।
ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन रेलवे स्टेशन के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने बताया कि विरोध पार्किंग के निजीकरण को लेकर है। पहले मासिक आधार पर शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब दैनिक आधार पर पैसे लिए जा रहे हैं। जब तक पार्किंग को लेकर विवाद नहीं थमेगा तब तक किसी तरह का शुल्क नहीं देंगे। ठेकेदार द्वारा बैरिकेडिंग करने से पार्किंग स्थल के आसपास जाम की स्थिति बनेगी। पांच मिनट तक वाहन खड़े रहे तो शुल्क देना होगा। ऐसे में वाहन चालक बाहर ही पार्किंग करेगा। वहीं, ठेकेदार का कहना है कि टेंडर के तहत ही काम कर रहा हूं। ट्रांसपोर्टरों टेंडर से संबंधित शिकायत कर सकते हैं। वहीं, प्रशासन ने ठेकेदार और ट्रांसपोर्टरों के बीच विवाद को समाप्त करने के लिए वीरवार तक समय दिया।