अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेलवे ने वीरवार को जम्मू रेलवे मंडल के दो गुड्स टर्मिनल पर एक साथ 231 कारों की अनलोडिंग की। जम्मू के बाड़ी ब्राह्मणा और कश्मीर घाटी के अनंतनाग पर एक ही दिन मारुति सुजुकी कारों से लदे दो एनएमजी (नए संशोधित माल) रैक पहुंचे। यह ऑटोमोबाइल रैक दिल्ली मंडल के गुड़गांव से आए थे।
बाड़ी ब्राह्मणा टर्मिनल पर विभिन्न मॉडलों व श्रेणियों के 113 वाहन जबकि अनंतनाग टर्मिनल पर 118 वाहन उतारे गए। यह पहली बार था जब जम्मू मंडल के दोनों गुड्स टर्मिनलों पर एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की अनलोडिंग की गई है। रेलवे इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बता रहा है। उतारे गए वाहनों में मारुति सुजुकी के विभिन्न मॉडल जिनमें ऑल्टो, ब्रेजा, ईको, डिजायर, वैगन-आर, एस-प्रेसो, इग्निस, सुपर कैरी और अर्टिगा शामिल हैं। यह रेल परिवहन के माध्यम से बढ़ती मांग और कुशल आपूर्ति शृंखला सुविधा को दर्शाते हैं।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में लॉजिस्टिक्स के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। सड़क परिवहन की तुलना में भारतीय रेलवे के प्रति व्यापार और उद्योग की बढ़ती प्राथमिकता, रेलवे की ओर से दी जाने वाली लागत और समय दक्षता का प्रमाण है। माल ढुलाई उत्पादों के एक मजबूत पोर्टफोलियो के साथ, भारतीय रेलवे न केवल जल्दी खराब होने वाले सामान, कूरियर सेवाओं और सीमेंट के लिए, बल्कि अब बड़े पैमाने पर ऑटोमोबाइल के लिए भी एक पसंदीदा माध्यम बन गया है।
यह उपलब्धि क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स परिदृश्य में तेज़ी से आ रहे बदलाव को दर्शाती है। जम्मू-कश्मीर में परंपरागत रूप से सड़क परिवहन के प्रति एक मजबूत रुझान रहा है। हालांकि रेलवे परिवहन के बेहतर बुनियादी ढांचे, विश्वसनीयता और आर्थिक लाभ अब इस धारणा को तेजी से बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने के लिए भारतीय रेलवे काम कर रहा है। यह कारोबारियों के लिए नए अवसरों को खोल रही है।