- जम्मू से श्रीनगर जाने वाली ट्रेन में जुलाई के आखिरी सप्ताह मेंं सीटें रिक्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बाबा बर्फानी की यात्रा स्थगित होने का असर ट्रेनों के संचालन पर भी दिखने लगा है। जम्मू-श्रीनगर-जम्मू के बीच संचालित अक्सर फुल रहने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में जुलाई के आखिरी सप्ताह में भरपूर सीटें खाली हैं। इसे बरसात के मौसम का भी प्रभाव माना जा रहा है।
तीन जुलाई को अमरनाथ यात्रा शुरू होने के साथ ही जम्मू से सीधे श्रीनगर के बीच चलने वाली दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस में पिछले दो महीने से सीट खाली नहीं थी। इकोनॉमी और एग्जीक्यूटिव क्लास में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही थी। करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें बाबा बर्फानी के भक्तों ने बुक करा रखी थीं।
इधर पिछले सप्ताह बदलते गांदरबल और अनंतनाग मार्ग पर रुक-रुक कर हो रही बारिश से यात्रा में कई बार रुकावट हुई। ऐसे में दर्शनार्थियों ने भी सीटें कैंसिल करानी शुरू कर दी हैं। इसमें वह पर्यटक भी शामिल हैं जो कश्मीर घूमने जाने की तैयारी में थे लेकिन बिगड़ते मौसम को देखते हुए उन्होंने भी यात्रा निरस्त करनी शुरू कर दी है। नतीजतन दो माह पूर्व से ही फुल रहने वाली वंदे भारत में 30 जुलाई से अप-डाउन दोनोंं में भरपूर सीटें खाली हैं।