अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कांगड़ा घाटी के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांगड़ा वैली की नैरोगेज ट्रेन सेवा पांच दिसंबर से फिर शुरू हो रही है।रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह संचालन चरणबद्ध रूप से होगा। इसमें सबसे पहले बैजनाथ-पपरोला से जोगिंदरनगर और बैजनाथ-पपरोला से कांगड़ा के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी। अगस्त में हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद इन मार्गों पर ट्रेन सेवाएं बंद थीं। इससे स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। अब सेवा बहाल होने से लोगों को फिर से सस्ती और सुरक्षित परिवहन यात्रा का विकल्प मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संचालन से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा क्योंकि कांगड़ा देश भर से आने वाले यात्रियों के लिए एक आकर्षण का केंद्र है। रेलवे ने बताया कि समय सारणी और अन्य संबंधित जानकारी जल्द जारी की जाएगी। साथ ही ट्रैक और सुरक्षा मानकों की जांच पूरी कर ली गई है ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुचारु यात्रा मिल सके।