जम्मू रेलवे स्टेशन पर पठानकोट एंड के ईस्ट केबिन के निकट रविवार को अपने लोको में जा रहा प्लेसमेंट इंजन एकाएक पटरी से उतर गया। पटरी से उतरे इंजन को पटरी पर लाने के लिए घंटों रेलवे जम्मू के इंजीनियरिंग विंग के अभियंता जुटे रहे।
इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और घंटों भारी मशक्कत के बाद प्लेसमेंट इंजन को सुरक्षित पटरी पर लाया जा सका। जानकारी के मुताबिक रविवार करीब सवा तीन बजे जम्मू लोको में जा रहे प्लेसमेंट इंजन पटरी से उतर जाने से प्लेटफार्म तीन को बंद करना पड़ा।
गौरतलब है कि जम्मू रेलवे स्टेशन पर तीन ही प्लेटफार्म हैं, लिहाजा प्लेेटफार्म एक तथा दो पर ही ट्रेनों की आवाजाही होती रही। ट्रेनों की आवाजाही प्लेटफार्म नंबर तीन पर रविवार सवा तीन बजे के बाद से बंद रहने से जहां यात्रियों को परेशानी होती रही, वहीं रेलवे प्रशासन को भी तत्काल विशेष प्रबंध करना पड़ा ताकि रेल यातायात प्लेटफार्म नंबर-एक तथा दो सुचारु रूप से चलाया जा सके।
इस संबंध में डीटीएम जम्मू आरएन मीणा का कहना है कि जम्मू रेलवे स्टेशन के ईस्ट एंड एक इंजन लोको में जाते वक्त पटरी से उतर गया। यह घटना सवा तीन बजे के करीब घटी, तब से रेलवे की इंजीनियरिंग टीम उस इंजन को पटरी पर लाने के लिए लगी हुई है।