कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जम्मू कश्मीर के दौरे पर मुहर लग गई है। 26, 27 और 28 अगस्त को तीन दिवसीय दौरे पर राहुल गांधी रियासत के तीनों संभागों जम्मू, कश्मीर और लद्दाख का दौरा कर विधानसभा चुनाव से हार से हताश कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे।
राहुल गांधी पाकिस्तान के युद्ध विराम उल्लंघन व भारी गोलाबारी से प्रभावित पुंछ जिले के बालाकोट का दौरा कर सीमांत ग्रामीणों को दुख भी साझा करेंगे।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी 26 अगस्त की सुबह राहुल गांधी जम्मू पहुंचेंगे और बालाकोट के लिए निकल जाएंगे। पाक गोलाबारी से उपजे हालात और सीमांत ग्रामीणों से मुलाकात के बाद दोपहर को वह जम्मू वापिस पहुंच जाएंगे।
यहां पर वह पंचों सरपंचों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सैनिक कालोनी स्थित सैनिक फार्म में होने वाले सम्मेलन के बाद राहुल कांग्रेस नेताओं व विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मिलेंगे।
26 अगस्त को वह रात्रि विश्राम जम्मू में ही करेंगे। 27 की सुबह वह कश्मीर के लिए रवाना होंगे और वह भी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। दौरे के आखिरी पड़ाव में राहुल गांधी लद्दाख जाएंगे।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जम्मू में वरिष्ठ उपप्रधान शाम लाल शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।