पुल के निर्माण के एवज में मार्च 2025 तक ठेकेदार को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है। जांच के दौरान निर्माण 60 से 70 फीसदी ही होने का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में उन अधिशासी अभियंता को भी निलंबित कर दिया गया है जिनकी शिकायत के आधार पर पूरा मामला खुला था। पीएमजीएसवाई के तीसरे चरण में सांबा के सुंब ब्लॉक में 181.60 मीटर लंबा पुल का निर्माण हो रहा है।
जांच के दौरान पाया गया कि ठेकेदार भुगतान के अनुसार काम नहीं कर पाया है। पीडब्ल्यूडी की जांच पूरी होने के बाद यह शिकायत उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के पास पहुंची। उन्होंने रिपोर्ट के आधार पर विभागीय अधिकारियों को भी देरी के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पांच अभियंताओं पर कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान सभी अधिकारी लोक निर्माण (आरएंडबी) के चिनाब जोन के मुख्य अभियंता कार्यालय से जुड़े रहेंगे और नियमों के तहत स्वीकार्य निलंबन भत्ते के हकदार होंगे। निलंबन के आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से जारी किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
पीएमजीएसवाई के तहत बन रहे इस पुल का मामला अधिशासी अभियंता की जांच के आधार पर खुला था। मार्च 2025 तक ठेकेदार विभाग से भुगतान हासिल कर चुका है। निर्माण की अवधि समाप्त होने के बाद ठेकेदार को नोटिस भेजे गए। लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। मामले में अधिशासी अभियंता की ओर से बीते 15 अक्तूबर को ठेकेदार को बकाया भुगतान जमा करवाने का नोटिस भेजा गया। इस नोटिस में 10 दिन की अवधि तय की गई थी।
इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
अधीक्षण अभियंता अभिषेक गुप्ता प्रशासनिक विभाग में अटैच, निलंबित अधिकारी अधिशासी अभियंता जम्मू भूपिंदर कुमार, प्रभारी सहायक कार्यकारी अभियंता मोहम्मद फरियाद, प्रभारी सहायक कार्यकारी अभियंता निपुण कौशल और कनिष्ठ अभियंता पीएमजीएसवाई डिवीजन उधमपुर विजय कुमार रसौत्रा को निलंबित कर दिया गया है।