-पूर्व सरपंचों, पार्षदों की ओर से करवाए स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे थे नए एसएसपी
बिश्नाह। समाज और युवाओं को नशे से बचाना पुलिस और पब्लिक दोनों की जिम्मेदारी है। इसके लिए मिलकर काम करने की जरूरत है। यह बात जम्मू के नए एसपी इरशाद हुसैन ने बुधवार को बिश्नाह में कही। यहां क्षेत्र के पूर्व सरपंचों, पंचों तथा पार्षदों ने जम्मू के नए एसपी हुसैन के स्वागत और पूर्व एसपी हेड क्वार्टर रमनीष गुप्ता की विदाई के लिए कार्यक्रम रखा था। इसमें आल जम्मू-कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सरपंचों ने पूर्व एसपी हेड क्वार्टर रमनीष गुप्ता द्वारा किए बेहतरीन कार्यों की सराहना की। साथ ही नए एसपी हेड क्वार्टर इरशाद हुसैन का स्वागत किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण दत्त शर्मा ने कहा की वह आशा करते हैं की जिस प्रकार पूर्व एसपी ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर समाज और युवाओं की बेहतरी के लिए कार्य किया है, उसी प्रकार नए एसपी कार्य करेंगे। नए एसपी इरशाद हुसैन ने कहा कि समाज और युवाओं को नशा, चोरी तथा अन्य बुराइयों से बचाना जरूरी है। बिना पब्लिक के सहयोग से पुलिस इन बुराइयों को जड़ से खत्म नहीं कर सकती है। अगर सभी मिलकर प्रयास करेंगे तभी अच्छा समाज बन सकता है। उन्होंने कहा समाज में फैल रही बुराइयों को देखकर आंखें बंद कर लेने से एक दिन वह बुराई हमारे घर तक जरूर पहुंचेगी, लेकिन अगर हिम्मत कर पुलिस के सहयोग से उसको रोकने का कदम उठाएंगे तो उसमें कामयाबी जरूर मिलेगी। एसपी इरशाद हुसैन ने कहा कि पुलिस पब्लिक की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।