अखनूर। कस्बा अखनूर में पुराने पुल के पास बुधवार को बिजली के खंभे से करंट लगने से 12 वर्षीय बच्चे की झुलस जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय कुमार पुत्र योग राज निवासी डोडा (मरमत) वर्तमान में नजदीक पावर हाउस अखनूर के रूप में हुई है।
स्थानीय निवासी एवं चश्मदीदों ने बताया कि हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के चलते हुआ है। उनके अनुसार विभाग को दो दिन पहले ही अवगत करवाया गया था कि खंभे पर शॉर्ट सर्किट हो रहा है और यह जानलेवा हो सकता है, परंतु विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप एक मासूम बच्चे की जान चली गई है। लोगों ने बताया कि अक्षय का परिवार पावर हाउस के समीप एक पोल्ट्री फार्म में मजदूरी करता है। अक्षय के पिता दोनों किडनी खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। उनका भी इलाज लोगों की सहायता से चल रहा है। अक्षय परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। स्थानीय लोगों ने जिला उपायुक्त से अक्षय और उनके परिवार के लिए इंसाफ की गुहार लगाई है। लोगों की मांग है कि अक्षय की मौत के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।