आरएस पुरा। ब्लॉक सुचेतगढ़ के सीमावर्ती गांवों में लगातार हो रही बिजली की अघोषित कटौती से गुस्साए सीमावर्ती पंचायतों के लोगों ने गांव सत्तोवाली ग्रिड स्टेशन में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली सेवा भी ठप कर दी।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच कर आश्वासन नहीं देेते तब तक सप्लाई बहाल नहीं करने देंगे। धरने पर बैठे सरपंच सरदार ओंकार सिंह, प्रवीण सिंह, सुरजीत चौधरी ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में बिजली की हो रही अघोषित कटौती के कारण लोगों का जीना मुहाल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बिजली की अघोषित कटौती के कारण एक तरफ जहां लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं पानी के अभाव के कारण किसानों की फसल भी सूख रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत भी करवाया गया है लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। इसके चलते मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए लोग भी अब लोगों की सुध लेने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।उपराज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए विभाग को निर्देश जारी करें कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बिजली कटौती बंद की जाए।