जम्मू विश्वविद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षा निदेशक को पद से हटाने की मांग पर मंगलवार को नेशनल स्टूडेंट यूनियन आफ इंडिया के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए छात्रों ने जेयू के उप कुलपति का पुतला भी जलाया। उन्होंने जेयू के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन कर रोड को भी जाम कर दिया।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय डेलीगेट चौधरी नसीब अली ने इस मौके पर कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय में भाई-भतीजावाद का बोलबाला चरम पर है। जेयू में चहेतों को बिना योग्यता के शीर्ष पदों पर नियुक्त कर दिया जाता है। एनएसयूआई के राज्य महासचिव अभयजोत सिंह ने कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेता है।
छात्रों ने जेयू प्रशासन से कई बार मांग की है कि शारीरिक शिक्षा निदेशक को उनके पद से हटा दिया जाए लेकिन उनकी मांग को अनदेखा किया जाता रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार संगठन अपना प्रदर्शन तब तक जारी रखेगा, जब तक उनकी मांग को स्वीकार नहीं कर लिया जाता। इस मौके पर छात्र संगठन के कमल मंगोत्रा, अजय कुमार, सनी परिहार, अमन थापा आदि मौजूद थे।