रियासी। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना से जुड़ी अफकान कंपनी के खिलाफ निकाले गए कर्मचारियों ने नारेबाजी कर ईपीएफ जारी करने की मांग की। रविवार सुबह कंपनी के पूर्व कर्मी जनाना पार्क में एकत्र हुए। इस मौके पर अजय कुमार और जगदीश शर्मा आदि ने कहा कि कंपनी ने उनको कुछ माह पहले निकाल दिया था। मगर अभी तक ईपीएफ जारी नहीं किया है। काम से निकालने के दौरान बाद में आने को कहा था, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। मौजूदा समय में रोजाना कंपनी कार्यालय में चक्कर काटने को मजबूर हैं। लेकिन अंदर जाना तो दूर गेट के बाहर भी खड़ा नहीं होने दिया जाता है। कर्मी कंपनी के इस रवैये से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मांग को पूरा नहीं किया गया तो वह सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे।